नई दिल्ली: IAS पद से इस्तीफा देने वाली दिव्या मित्तल को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। वह अब राजनीति में एंट्री लेंगी। उन्होंने सोशल मीडिया पर खुद VIDEO जारी करके इस बात की जानकारी दी है। उन्होंने अपने इस फैसले के पीछे की वजह भी बताई है।
उत्तर प्रदेश से राजनीतिक शुरुआत का किया ऐलान
दिव्या मित्तल ने उत्तर प्रदेश से राजनीतिक शुरुआत का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की मिट्टी ही मेरी कर्मभूमि, शुरुआत यहीं से होगी। दिव्या मित्तल ने ये भी अपील की है कि मुझ पर भरोसा मत करिए, अपने आप पर करिए। उन्होंने शिक्षक, डॉक्टर, किसान, मजदूर, वकील और छात्रों से जुड़ने की अपील की है। दिव्या मित्तल का नया नारा है- ‘चलिए हिसाब मांगते हैं’
दिव्या ने क्या बताया?
दिव्या ने जारी किए वीडियो में बताया, "मुझे आवाज बनना है, आवाज उठाकर वंचित लोगों की आवाज बनूंगी। राजनीति बदलनी होगी, इरादे की राजनीति करनी होगी। सत्ता है, शोर है, पर सोच नहीं है। मुझे उस "ना" सोचने का हिसाब चाहिए। राजनीति में पैसा और बाहुबल को लेकर भी दिव्या मित्तल का बड़ा बयान सामने आया और उन्होंने कहा कि चुनाव में बहाया जाने वाला पैसा हमारी सड़क, पुल और स्कूल से आता है।"
दिव्या ने अपने एक्स हैंडल पर वीडियो पोस्ट कर कैप्शन में लिखा है, "कुछ दिन पहले IAS से त्यागपत्र दिया था और आपके मन में कई सवाल छोड़ दिए थे। अपनी बात इस वीडियो में कह दी है। अगर आपको लगे कि ये आपकी भी बात है, तो 9198956957 पर whatsapp मैसेज करिए।"
किस पार्टी में जाएंगी दिव्या?
दिव्या मित्तल ने ये भी ऐलान किया है कि वह किसी भी राजनीतिक पार्टी के साथ नहीं जाएंगी, वह केवल लोगों के लिए राजनीति करेंगी। उन्होंने कहा, "जिन झंडों के नीचे 80 साल में हिसाब नहीं बदला, उनके नीचे खड़े होकर हिसाब नहीं मांगा जा सकता। मुझे स्कूल, सड़क, पुल और सरकारी जमीनों का हिसाब चाहिए। जब फिक्र नहीं होती तो मौत हादसा नहीं, फैसला होती है।"
उन्होंने जाति-धर्म के समीकरण पर कहा कि मैंने कभी किसी का नाम पूछकर न्याय नहीं किया। 80 साल तक इन्होंने समीकरण बिठाए और देश भी बैठा रह गया। दिव्या मित्तल ने कहा कि नई राजनीति एक आदमी नहीं बना सकता, इसमें सबका साथ लगेगा। अस्सी साल से हम नेता या मसीहा का इंतजार कर रहे हैं, जिसका इंतजार था वो हम खुद हैं।
इससे पहले ही खबर सामने आई थी कि दिव्या ने IAS के पद से इस्तीफा देकर कुछ संकेत दिए थे।
ये भी पढ़ें-
चर्चित IAS दिव्या मित्तल का इस्तीफा मंजूर, लिखा- "बढ़े चलो, बढ़े चलो"; 17 साल की नौकरी थी बाकी